मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू एक दूरदर्शी व्यक्ति थे। उनकी पहली प्राथमिकता और प्रतिबद्धता आधुनिक भारत के निर्माण और उसे आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ मजबूत अर्थव्यवस्था देने की थी। कमलनाथ ने गुरुवार को रोशनपुरा चौराहा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए
मुख्यमंत्री ने कहा पंडित नेहरु ने आधुनिक शिक्षालय और सार्वजनिक क्षेत्र के विशाल उद्योगों को स्थापित किए तथा भारत को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया। उनके महान कार्य आज भी देश और लोगों की जरूरतों को पूरा करते हैं। इसके बाद कमलनाथ बच्चों के बीच पहुंचे, उन्हें गोद में उठाया और दुलारा।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पंडित नेहरू से मुलाकात का किस्सा शेयर किया। उन्होंने कहा कि जब वे दून स्कूल में संजय गांधी के सहपाठी थे, तब पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी एक साथ माह में एक बार स्कूल के नियम के अनुसार संजय गांधी और राजीव गांधी से मिलने आते थे। इस दौरान उनका सम्पर्क नेहरू जी एवं इंदिरा जी से हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम दिन भर उनके साथ रहते थे लेकिन हमें कभी अहसास नहीं होता था कि हम देश के प्रधानमंत्री के साथ हैं। वे बगैर तामझाम के एक जिम्मेदार अभिभावक के नाते हम लोगों के साथ समय बिताते थे। हमसे शिक्षा और ज्ञान से जुड़ी बातें करते थे और सीख भी देते थे।